Thursday, December 24, 2009

धर्म एवं पर्यावरण चेतना यात्रा की रवानगी कल

नागौर। निकटवर्ती ग्राम श्रीबालाजी स्थित बिश्नोई सेवक संस्थान द्वारा अखिल भारतीय धर्म एवं पर्यावरण चेतना यात्रा का कल शुभारम्भ किया जाएगा। मरूस्थल वनारोपण एवं चारागाह विकास विभाग नागौर के उप वन संरक्षक के.आर. काला, शिव वैली होली होम्स मुकाम के निदेशक जितेन्द्र मोर हरी झण्डी दिखाकर दिनांक 25 दिसम्बर 2008 को सुबह 10ः15 बजे इस यात्रा को श्रीबालाजी से रवाना करेंगे। न्यू रीको इण्डस्ट्रीयल एरिया नागौर में सुबह 11 बजे यात्रा का स्वागत किया जाएगा। उसके बाद जोधपुर रोड़ स्थित श्रीकृष्ण गोपाल गौशाला में यात्रा में शामिल सभी सदस्यों द्वारा गौशाला का भ्रमण किया जाएगा। यात्रियों का स्वागत एवं अल्पाहार का कार्यक्रम गौशाला प्रांगण में होगा। यात्रा के संयोजक महावीर बिश्नोई ने बताया कि पर्यावरण एवं धर्म के प्रति चेतना जागृत करने के उद्देश्य से 15 दिन का कार्यक्रम तय कर अखिल भारतीय धर्म एवं पर्यावरण चेतना यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा यहां से जोधपुर होते हुए पाली पंहुचेगी। शाम को कार्यक्रम होगा। उसके बाद गुजरात के अहमदाबाद, सूरत सहित विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण चेतना कार्यक्रम एवं भजन संध्या के आयोजन होंगे। महाराष्ट्र के मुम्बई (भयंदर), मुम्बई (कुम्हारवाड़ा), पुणे, नासिक आदि स्थानों पर आयोजन होगे। उसके बाद आंधप्रदेश के हैदराबाद, कर्नाटक, तमिलनाडू एवं गोवा में आयोजन होंगे। इस यात्रा में बिश्नोई सेवक संगीत प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षणार्थी बच्चों के साथ ही अखिल भारतीय जीव रक्षा बिश्नोई सभा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। विभिन्न राज्यांे में आयोजित कार्यक्रमों में वहां के स्थानीय वन विभाग के अधिकारी, वन्यजीव प्रेमी एवं पर्यावरण प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। संयोजक ने बताया कि इस यात्रा की तैयारी गत एक माह से की जा रही है। संस्थान का एक दल यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की तैयारी में 15 दिन पहले गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक व गोवा पंहुच गया था। यात्रा के दौरान धर्म प्रचार के लिए शाम के समय भजन संध्या, सुबह के समय पर्यावरण शुद्धि के लिए हवन एवं दिन में पर्यावरण सम्मेलन एवं गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। यात्रा का नेतृत्व हरचंदराम बिश्नोई कर रहे हैं। यात्रा में चाणक्य काॅलेज गुड़गांव हरियाणा के प्रोफेसर डाॅ. तेजाराम बिश्नोई, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय बीकानेर के प्रोफेसर श्याम जाणी, जैसलमेर के व्याख्याता मांगीलाल बिश्नोई ‘अज्ञात’, बिश्नोई साधु स्वामी भानुप्रकाश, अखिल भारतीय जीव रक्षा बिश्नोई सभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ‘वृक्ष मित्र’ साहबराम बिश्नोई, राजस्थान के प्रदेश संगठन मंत्री शिवराज जाखड़, नागौर के जिलाध्यक्ष रामरतन बिश्नोई धर्म एवं पर्यावरण चेतना पर वक्ता के रूप में कार्यक्रमों में साथ रहेंगे।

No comments:

Post a Comment